इंदौर: प्रदेशभर में चल रहे स्वच्छता उत्सव के तहत एमवाय अस्पताल परिसर में 14 दिवसीय सफाई पखवाड़ा शुरू हुआ. शुक्रवार को डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया और एसडीएम प्रदीप सोनी ने अस्पताल का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए. निरीक्षण में गार्डन, पार्किंग, टाइल्स, वार्डों के डक्ट, चेंबर, इलेक्ट्रिक सॉकेट और रंग-रोगन से जुड़ी कई कमियां सामने आईं. डीन ने एचएलएल कंपनी को प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित कर रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए.
तलघर से छठी मंजिल तक निरीक्षण कर डॉ. घनघोरिया ने सख्ती दिखाई. पहली मंजिल पर टॉयलेट और पेंट्री रिनोवेशन का काम शीघ्र पूरा करने के आदेश लोकनिर्माण विभाग को दिए.स्वच्छता पखवाड़े के साथ 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार थीम पर स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित हो रहे हैं, जिनमें वरिष्ठ चिकित्सक महिलाओं की जांच व उपचार कर रहे हैं. रक्तदान शिविर में लोग उत्साह से भाग ले रहे हैं और एकत्रित रक्त मरीजों के काम आ रहा है. डीन ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्पों को जनहित में गंभीरता से लागू करना प्राथमिकता है. निरीक्षण में कई अधिकारी मौजूद रहे
