बागली: सर्वपितृ अमावस्या पर 21 सितंबर रविवार को धारा जी स्नान घाट पर लघु मेले का आयोजन होगा। अवकाश दिवस होने से श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने नरसिंहपुर ग्राम पंचायत सहित पांच पंचायतों को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी है। पिपरी से स्नान घाट तक 14 किलोमीटर कच्चा मार्ग खराब होने से वाहन खराबी की आशंका है, ग्रामीणों ने ट्रैक्टर व क्रेन की मांग की है।
भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए वाटरप्रूफ डोम टेंट की आवश्यकता भी बताई गई है। खंडवा क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालु नाव प्रबंधन के अभाव में नदी के उसी किनारे स्नान करते हैं। इस बार पार्किंग शुल्क तय किया गया है,दो पहिया से 10, चार पहिया से 50 और बड़े वाहनों से 100 जबकि पिछले वर्ष विधायकों के हस्तक्षेप से शुल्क माफ कर दिया गया था। अब दोबारा शुल्क वसूली के आदेश ने श्रद्धालुओं को चिंता में डाल दिया है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि फिर से जनप्रतिनिधि हस्तक्षेप कर राहत दिला सकते हैं।
