इंदौर: हीरानगर इलाके में गुरुवार रात बदमाशों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी. वारदात नाले के पास हुई, जहां आरोपियों ने नशे की हालत में विवाद के बाद हमला कर दिया. पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है, जबकि दो अब भी फरार हैं.हीरानगर थाना प्रभारी पीएल शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान उमेश निवासी कबीटखेड़ी के रूप में हुई है.
देर रात करीब 12 बजे उमेश का विवाद चीना ठाकुर, उसके भाई पप्पी और दोस्त आशीष चौहान से हो गया. आरोप है कि तीनों ने मिलकर चाकू से वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल उमेश को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि उमेश आरोपियों से बचने के लिए कुछ दूरी तक भागा भी, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर पकड़ लिया और उस पर हमला कर दिया.
घटना के बाद पुलिस ने आशीष चौहान को हिरासत में लिया, वहीं चीना ठाकुर और उसका भाई पप्पी फरार हैं. उमेश की पहचान उसकी जेब में मिले कागजों से हुई. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, चीना ठाकुर और उसका भाई पप्पी आदतन अपराधी हैं. उनके खिलाफ हीरानगर, परदेशीपुरा और लसूड़िया थानों में कई प्रकरण दर्ज हैं. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है.
