सिंगरौली। शहर के बीच स्थित हरिहर तालाब में सोमवार रात करीब 9 बजे एक युवक का शव पानी में तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रिंकू खान उर्फ सद्दाम, पिता अफजल खान, के रूप में बताई गई है। युवक के लापता होने के संबंध में परिजनों ने सोमवार को ही कोतवाली बैढ़न में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद से परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पा रहा था।
सोमवार रात हरिहर तालाब में एक शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
तालाब की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद जामा मस्जिद के सदर शहनवाज खान ने हरिहर तालाब की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर के बीच स्थित इस तालाब में छठ पर्व सहित विभिन्न धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इसके बावजूद यहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग की कमी चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि तालाब की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद यदि लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम नहीं हैं, तो यह गंभीर विषय है। नगर निगम को इस मामले को संज्ञान में लेकर तालाब के आसपास पर्याप्त रोशनी, मजबूत बैरिकेडिंग और सुरक्षा के अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने चाहिए।
शहनवाज खान ने कहा कि तालाब में हर वर्ष इस तरह की घटनाएं सामने आने की बात चिंताजनक है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित विभाग को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए, ताकि त्योहारों और अन्य अवसरों पर तालाब में आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
