अस्पताल के शव गृह में लावारिस शवों के इक्कठा होने पर आयोग का छत्तीसगढ को नोटिस

नयी दिल्ली 18 सितम्बर (वार्ता) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने अंतिम संस्कार के लिए जगह की कमी के कारण छत्तीसगढ़ के रायपुर ज़िला अस्पताल के शवगृह में लावारिस शवों के इक्कठा होने की खबर का संज्ञान लेते हुए राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है। आयोग ने गुरुवार को यहां बताया कि उसने एक मीडिया रिपोर्ट का संज्ञान लिया है जिसमें कहा गया है कि छत्तीसगढ़ के रायपुर ज़िला अस्पताल के शवगृह में कई लावारिस शव इक्कठा हो गये हैं क्योंकि उनके अंतिम संस्कार के लिए जगह नहीं दी गई है। लावारिस शवों का अंतिम संस्कार एक गैर-सरकारी संगठन द्वारा किया जाता है। आयोग ने कहा है कि रिपोर्टों के अनुसार पिछले सप्ताह से तीन अज्ञात शवों को पोस्टमार्टम के लिए भी नहीं भेजा गया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का मानना है कि यदि मीडिया रिपोर्ट में कही गयी बात सही है तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है क्योंकि मृतक भी अपने धर्म के अनुसार सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार के हकदार हैं। तदनुसार आयोग ने छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
मृतकों की गरिमा बनाए रखने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने वर्ष 2021 में एक परामर्श भी जारी किया था। इसमें कहा गया था कि संविधान के अनुच्छेद 21 के अनुसार जीवन, उचित व्यवहार और गरिमा का अधिकार न केवल जीवित व्यक्तियों को बल्कि मृतकों के लिए भी होता है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जिला प्रशासन ने लगभग तीन वर्ष पहले लावारिस शवों के अंतिम संस्कार के लिए तीन एकड़ भूमि आवंटित की थी। एक गैर सरकारी संगठन ने वहां 800 से अधिक लावारिस शवों का अंतिम संस्कार किया था। बताया जा रहा है कि इस जगह पर मिट्टी भरने के बाद भूमि का पुनः उपयोग किया जा सकता है लेकिन जिला प्रशासन द्वारा अभी तक इस दिशा में कदम नहीं उठाया गया है।

Next Post

गोयल ने यूएई के साथ की निवेश संबंधों के विस्तार पर प्रतिनिधिमंडल स्तर की चर्चा

Thu Sep 18 , 2025
नयी दिल्ली, 18 सितंबर (वार्ता) संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की यात्रा पर गये वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने वहां अबू धाबी निवेश प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक शेख हामिद बिन जायद अल नाहयान के साथ निवेश पर भारत-यूएई उच्च-स्तरीय संयुक्त कार्यबल की 13वीं बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक […]

You May Like