एलएंडटी को मिला अब तक का सबसे बड़ा अपतटीय हाइड्रोकार्बन ऑर्डर

मुंबई, 26 मार्च (वार्ता) बुनियादी ढांचा, विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड (एलएंडटी) के अपने हाइड्रोकार्बन व्यवसाय में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के तहत उसे दुनिया की अग्रणी एलएनजी कंपनी कतरएनर्जी एलएनजी से नॉर्थ फील्ड प्रोडक्शन सस्टेनेबिलिटी ऑफशोर कम्प्रेशन प्रोजेक्ट (एनएफपीएस कॉम्प 4) के लिए अल्ट्रा मेगा ऑफशोर अनुबंध मिला है।

कंपनी ने बुधवार को बताया कि दुनिया की अग्रणी एलएनजी कंपनी कतरएनर्जी एलएनजी ने एलएंडटी एनर्जी हाइड्रोकार्बन (एलटीईएच) को नॉर्थ फील्ड प्रोडक्शन सस्टेनेबिलिटी ऑफशोर कम्प्रेशन प्रोजेक्ट (एनएफपीएस कॉम्प 4) के लिए अल्ट्रा मेगा ऑफशोर अनुबंध सौंपा है। यह अनुबंध एलएंडटी के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा एकल ऑर्डर है, जो कंपनी की वैश्विक ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ती ताकत को रेखांकित करता है।

इस परियोजना के तहत कतर के उत्तरपूर्वी तट से करीब 80 किलोमीटर दूर दो अपतटीय कम्प्रेशन कॉम्प्लेक्स की इंजीनियरिंग, खरीद, निर्माण, स्थापना और कमीशनिंग की जिम्मेदारी शामिल है। प्रत्येक कॉम्प्लेक्स में कम्प्रेशन और बिजली उत्पादन सुविधाएं, रहने के क्वार्टर, फ्लेयर प्लेटफॉर्म, परस्पर जुड़े पुल और अन्य संरचनाएं होंगी।

एलएंडटी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एस. एन. सुब्रह्मण्यन ने इस उपलब्धि पर कहा, “कतरएनर्जी एलएनजी से यह अल्ट्रा मेगा अनुबंध हासिल करना हमारे लिए गर्व की बात है। यह न केवल हमारा सबसे बड़ा ऑर्डर है बल्कि कतर के ऊर्जा सुरक्षा लक्ष्यों को समर्थन देने वाली एक रणनीतिक परियोजना भी है। हम इसे समय पर और बेहतरीन गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

इसी तरह एलएंडटी के उप प्रबंध निदेशक सुब्रमण्यन सरमा ने कहा, “यह अनुबंध कतरएनर्जी के भरोसे का प्रतीक है। हम नवाचार और विश्वसनीयता के साथ कतर के ऊर्जा उद्देश्यों को मजबूती देने के लिए तैयार हैं।”

Next Post

पेट्रोल और डीजल की कीमतें यथावत

Wed Mar 26 , 2025
नई दिल्ली 26 मार्च (वार्ता) अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी जारी रहने के बावजूद घरेलू स्तर पर पेट्रोल और डीजल के दाम आज यथावत रहे, जिससे दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर पर पड़े रहे। तेल विपणन करने वाली […]

You May Like