
छतरपुर। सागर-कानपुर नेशनल हाईवे पर बने रेलवे ब्रिज के पास एक महिला संदिग्ध अवस्था में मिली। राहगीरों ने देखा कि महिला के हाथ-पैर बंधे हुए हैं और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के प्रसूता वार्ड में भर्ती कराया है।
पहले भी कई मामले दर्ज
बिजावर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि यह महिला पहले भी कई मामलों में शिकायत दर्ज करा चुकी है। उसने दमोह जिले में गैंगरेप का मामला (धारा 376D) दर्ज कराया था। इसके अलावा बड़ामलहरा में धारा 54, गुलगंज में धारा 76 और बिजावर में मारपीट का प्रकरण दर्ज कराया था। थाना प्रभारी ने यह भी जानकारी दी कि महिला के खिलाफ खुद बिजावर थाने में मारपीट का एक केस दर्ज है।
दूसरी शादी और विवाद
महिला ने इसी साल मई 2025 में दूसरी शादी की थी। उसी महीने उसने भरतपुर गांव के सरपंच और सचिव पर दुष्कर्म और मारपीट के आरोप लगाए थे। बाद में महिला ने इस मामले में समझौता कर लिया था। महिला का आरोप था कि उसका दूसरा पति उसे छतरपुर ले गया और उसके कहने पर सरपंच व सचिव ने उसके साथ रेप किया। हालांकि बाद में महिला ने केस वापिस ले लिया था।
नए मामले की जांच जारी
अब महिला हाईवे पर संदिग्ध हालत में मिली है। इस संबंध में सिविल लाइन थाना प्रभारी बाल्मिक चौबे ने बताया कि महिला का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि उसके साथ क्या हुआ है।
