
सांची। त्योहारों के बीच ऐरन गांव स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में असामाजिक तत्वों ने शांति भंग करने का प्रयास किया. बीती रात मंदिर की प्रतिमा खंडित पाई गई, जिसे देखकर सुबह दर्शन करने पहुंचे ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त किया और तुरंत शिवसेना जिला अध्यक्ष मोनू जैन को सूचना दी.
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और श्री जैन मौके पर पहुंचे. थाना प्रभारी जे.पी. त्रिपाठी ने दल बल सहित जांच शुरू की और आश्वस्त किया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. अतिरिक्त तहसीलदार ललित सक्सेना ने भी ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया.
पुलिस को घटनास्थल से शराब की बोतलें और खाने के पैकेट मिले हैं, जिसके आधार पर कई पहलुओं से जांच की जा रही है. साथ ही समीपस्थ गुलगांव गांव का एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति भी जांच के दायरे में है.
ग्रामीणों ने प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया. बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे. शिवसेना जिला अध्यक्ष मोनू जैन ने कहा कि यह मंदिर ऐतिहासिक महत्व का है और यहां प्रतिदिन श्रद्धालु आते हैं. उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की. प्रशासन के आश्वासन के बाद गांव का माहौल शांत हो गया.
