
रायसेन। अब जिले में हंड्रेड डायल वाहनों की जगह डायल 112 वाहन सड़कों पर दौड़ते नजर आएंगे। पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडे ने पुलिस लाइन से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई व्यवस्था के तहत वाहनों में चालक और पुलिसकर्मी कैमरों की निगरानी में रहेंगे, जिससे उनके आमजन के साथ व्यवहार पर नजर रखी जा सकेगी। डायल 112 की थीम स्पीड एंड डिटरमिनेशन रखी गई है, जिसका अर्थ है गति और बेहतर कार्रवाई। इस सेवा में पुलिस के साथ अन्य आपात सेवाएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस मुख्यालय भोपाल से मिले नए सॉफ्टवेयर का प्रशिक्षण वन परिसर में दिया गया, जिसमें जिले के सभी एसडीओपी, थाना प्रभारी, सूचना संकलन अधिकारी, आरक्षक, विवेचक और डायल 112 में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी शामिल हुए। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खड़क सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
