बैतूल: जिला अस्पताल में जल्द ही नया और आधुनिक मर्चुरी भवन बनाया जाएगा। वर्तमान मर्चुरी भवन लगभग 20 वर्ष पुराना होने के कारण जर्जर हो चुका है, जिससे कर्मचारियों और परिजनों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने अस्पताल परिसर में नया मर्चुरी भवन बनाने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में जिला अस्पताल में केवल दो फ्रीजर उपलब्ध हैं, जिनमें चार शव रखने की व्यवस्था है, जबकि अस्पताल में हर महीने औसतन लगभग 50 पोस्टमार्टम किए जाते हैं। कई बार एक ही दिन में पांच से छह पोस्टमार्टम होने की स्थिति में शवों को सुरक्षित रखने में दिक्कत आती है।
प्रस्तावित नए मर्चुरी भवन में मौजूदा दो फ्रीजर के साथ एक अतिरिक्त बड़ा फ्रीजर लगाया जाएगा, जिससे कुल क्षमता बढ़कर छह शव रखने की हो जाएगी। इसके साथ ही बेहतर कोल्ड स्टोरेज प्रणाली, सुरक्षित पोस्टमार्टम कक्ष और कर्मचारियों के लिए आधुनिक कार्यस्थल भी विकसित किया जाएगा।सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे ने बताया कि नए मर्चुरी भवन के निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार कराया जा रहा है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को पत्र भेजा गया है और प्रस्ताव को साधारण सभा की बैठक में भी रखा जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के सूत्रों के अनुसार मर्चुरी भवन के निर्माण पर लगभग 40 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है। निर्माण कार्य के लिए आवश्यक राशि विधायक निधि और रोगी कल्याण समिति के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।अस्पताल सूत्रों के मुताबिक नया मर्चुरी भवन अस्पताल परिसर में मौजूदा भवन के पास खाली पड़ी जमीन पर बनाया जा सकता है, जिससे पोस्टमार्टम कार्य अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से किया जा सकेगा।
