प्रसिद्ध कृष्णा को लगी सिर में चोट, यश ठाकुर ने किया कन्कशन सब्स्टियूट

लखनऊ, 24 सितम्बर (वार्ता) भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को ऑस्ट्रेलिया ए के ख़िलाफ दूसरे अनधिकृत टेस्ट मैच के दूसरे दिन बुधवार को भारत ए के लिए खेलते हुए सिर में चोट लग गई और उन्हें मैच से बाहर होना पड़ा। उन्हें भारत ए की पारी के 39वें ओवर में तेज गेंदबाज हेनरी थॉर्नटन के बाउंसर पर चोट लगी, जब वह उनके बाउंसर को पुल करने के चक्कर में अपने हेल्मेट पर गेंद खा बैठे। हालांकि तब अनिवार्य कन्कशन के बाद उन्होंने खेलना जारी रखा।

लेकिन तीन ओवर बाद जब 42वां ओवर समाप्त हुआ, तो वह अचानक से पवेलियन की तरफ जाने लगे और नए बल्लेबाज मोहम्मद सिराज ने बल्लेबाजी में उनकी जगह ली। चोट लगने से पहले प्रसिद्ध ने थॉर्नटन की ही एक बाउंसर गेंद को पुल करते हुए छक्का लगाया था।

हालांकि जब भारतीय टीम का नौवां विकेट गुरनूर बराड़ के रूप में गिरा तो प्रसिद्ध की जगह यश ठाकुर कन्कशन सब्सिट्यूट के रूप में बल्लेबाजी के लिए आए।

हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि प्रसिद्ध की यह चोट कितनी गंभीर है, लेकिन वेस्टइंडीज सीरीज के लिए भारतीय टीम के चयन के दिन ऐसा होना चिंता का विषय जरूर है।

फ़िलहाल मैच के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ए के 420 रनों के जवाब में भारत ए की टीम सिर्फ़ 194 रनों पर ऑल आउट हो गई। साई सुदर्शन ने भारत ए की तरफ से सर्वाधिक 75 रन बनाये। हेनरी थॉर्नटन ने ऑस्ट्रेलिया ए की तरफ से सर्वाधिक चार विकेट 36 रन देकर लिए। हालांकि ऑस्ट्रेलिया ए की टीम ने फॉलो-ऑन ना देते हुए दूसरी बार बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और स्टंप्स तक 16 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। ऑस्ट्रेलिया ए की अब कुल बढ़त 242 रन की है।

भारत के इंग्लैंड दौरे पर तीन मैच खेलकर 14 विकेट लेने वाले प्रसिद्ध ने पहले अनाधिकृत टेस्ट में कुल 21 ओवर किए थे, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था। इस मैच की पहली पारी में उन्होंने 17 ओवर गेंदबाज़ी की थी, जहां उन्होंने 76 रन देकर एक विकेट लिया था ।

वह भारत की वेस्टइंडीज सीरीज के लिए जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और आकाश दीप के साथ तेज गेंदबाज़ों के दल में जगह बनाने के प्रबल दावेदार हैं।

Next Post

सीतारमण ने जीएसटी अपीलीय प्राधिकरण का किया शुभारंभ

Wed Sep 24 , 2025
नयी दिल्ली, 24 सितंबर (वार्ता) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को वस्तु एवं सेवा कर अपीलीय न्यायाधिकरण (जीएसटीएटी) का औचारिक रूप से शुभारंभ किया। जीएसटीएटी के शुभारंभ के लिए राजधानी में बुधवार शाम को आयोजित समारोह में श्रीमती सीतारमण के अलावा जीएसटीएटी के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्याय मूर्ति संजय कुमार […]

You May Like