जीएसटी छूट का पूरा लाभ उपभोक्तओं को दे उद्योग जगत: गोयल

नयी दिल्ली, (वार्ता) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उद्योग जगत से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों में कटौती से होने वाली बचत का प्रत्येक रुपया उपभोक्ताओं तक पहुंचाने, और स्वदेशी उत्पादों को सक्रिय रूप से बढ़ावा देने का पुरजोर आह्वान किया।

श्री गोयल ने इन दोनों बातों को प्रधानमंत्री के प्रयासों के प्रति उद्योग जगत से अपेक्षित दो मजबूत प्रतिबद्धता बतायी और उनसे इनका निर्वाह करने का आग्रह किया।

राष्ट्रीय राजधानी में स्वास्थ्यवर्धक खाद्य उत्पादों की प्रदर्शनी ‘भारत न्यूट्रावर्स एक्सपो 2025’ को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा, “जीएसटी सुधार व्यवसाय के लिए परिवर्तनकारी होंगे। नयी दरों का पूरा लाभ उपभोक्ताओं को दिया जाना चाहिए।”

वाणिज्य मंत्री ने स्वदेशी के प्रधानमंत्री के आह्वान का उल्लेख करते हुये देश की मिट्टी में पोषित उत्पादों को समर्थन देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब ऐसे उत्पाद देश के हर कोने तक पहुंचते हैं, तो वे केवल आर्थिक मूल्य ही नहीं, राष्ट्रीय गौरव और आत्मनिर्भरता के भी प्रतीक होते हैं।

उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि स्वामित्व किसी भारतीय उद्यमी के पास है या किसी विदेशी निवेशक के पास – महत्वपूर्ण यह है कि उत्पाद भारत में निर्मित हों, युवाओं के लिए रोजगार सृजित करें, स्थानीय समुदायों के लिए अवसर पैदा करें और राष्ट्र के विकास में योगदान दें।

श्री गोयल ने कहा, “इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कोई कंपनी भारतीय है या विदेशी, जब तक कि वह भारत में निवेश कर रही है, रोजगार सृजन और अवसर पैदा कर रही है तथा देश की विकास गाथा में योगदान दे रही है।”

जीएसटी दरों में कमी से उपभोक्ता मांग में वृद्धि की संभावना को रेखांकित करते हुये उन्होंने कहा कि इससे व्यवसायों को बड़े अवसरों का लाभ मिलेगा, जबकि उपभोक्ताओं को जीएसटी का पूरा फायदा होगा।

वाणिज्य मंत्री ने त्योहारों के अवसर पर देश को दिये जीएसटी सुधार के इस तोहफे के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर घोषणा की थी कि जीएसटी से संबंधित बड़ी और अच्छी खबर आने वाली है। किसी को भी यह अनुमान नहीं था कि बुधवार को घोषित परिवर्तनकारी सुधारों में उपभोक्ताओं के लाभ के लिए उत्पादों, वस्तुओं और सेवाओं की इतनी विस्तृत श्रृंखला शामिल की जायेगी।

उन्होंने रेखांकित किया कि नये ढांचे के तहत कई श्रेणियों पर जीएसटी दर घटाकर पांच प्रतिशत कर दी गई है, जिससे व्यापक क्षेत्र में पर्याप्त बचत होगी।

वाणिज्य और उद्योग मंत्री ने 2047 तक भारत का जीडीपी चार लाख करोड़ डॉलर से 30 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंचाने की सरकार का लक्ष्य दोहराया और जोर देकर कहा कि भारत एक समृद्ध और विकसित राष्ट्र के रूप में उभरेगा।

उन्होंने इस बात पर बल दिया कि युवा भारत की प्रतिभा और कौशल के साथ-साथ व्यापार सुगमता, कम कराधान और जीवन सुगम बनाने की सरकार की पहल के साथ, देश गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे स्थापित कर प्रत्येक बच्चे के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में अग्रसर है।

श्री गोयल ने कहा कि न्यूट्रास्युटिकल्स क्षेत्र द्वारा व्यापक और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य उत्पादों द्वारा पोषित स्वस्थ और तंदुरुस्त भारत देश के विकास की कुंजी है। यह क्षेत्र किसानों की मदद के साथ ही सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को भी सहयोग और प्रत्येक भारतीय की स्वास्थ्य सेवा में योगदान दे रहा है। उन्होंने स्वस्थ जीवन में हल्दी के अत्यधिक योगदान, अदरक के गुणकारी लाभों और युवा भारतीयों को गुणवत्तापूर्ण प्रोटीन और पोषण प्रदान करने में प्रोबायोटिक्स की भूमिका का उल्लेख किया।

Next Post

जीएसटी सुधारों से दहाई अंक के करीब पहुंच सकती है विकास दर: अंबानी

Fri Sep 5 , 2025
मुंबई, (वार्ता) रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में दूसरी पीढ़ी के सुधारों का स्वागत करते हुये गुरुवार को कहा कि इससे देश की विकास दर दहाई अंक के करीब पहुंच सकती है। श्री अंबानी ने जीएसटी सुधारों को देश […]

You May Like