मुंबई, (वार्ता) गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) मुथूट फिनकॉर्प लिमिटेड ने सुरक्षित और प्रतिदेय गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) की नई श्रृंखला लॉन्च की है, जिसके जरिए उसने इस वर्ष 29 अप्रैल से 13 मई तक 350 करोड़ रुपये तक जुटाने का लक्ष्य रखा है।
कंपनी ने मंगलवार को बयान जारी कर बताया कि इस इश्यू के माध्यम से उसने 350 करोड़ रुपये तक जुटाने का लक्ष्य रखा है, जिसमें 100 करोड़ रुपये का बेस साइज और 250 करोड़ रुपये का ग्रीन शू विकल्प शामिल है। 29 अप्रैल से 13 मई, 2025 तक खुली रहने वाली यह पेशकश 1,000 रुपये अंकित मूल्य वाले सुरक्षित एनसीडी के रूप में है, जिसे कंपनी की ऋण-वित्तपोषण गतिविधियों, मौजूदा ऋण की अदायगी और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों को पूरा करने के लिए उपयोग किया जाएगा।
यह एनसीडी श्रृंखला 24, 36, 60 और 72 महीनों के कार्यकाल में नौ प्रतिशत से 10 प्रतिशत तक के प्रभावी वार्षिक प्रतिफल की पेशकश करती है। इस इश्यू को क्रिसिल रेटिंग्स लिमिटेड ने ‘क्रिसिल एए-/स्टेबल’ रेटिंग दी है, जो समय पर वित्तीय दायित्वों के भुगतान के लिए उच्च सुरक्षा को दर्शाती है। इन एनसीडी को बीएसई के ऋण बाजार खंड में सूचीबद्ध किया जाएगा।
निवेशक पांच लाख रुपये तक के आवेदन यूपीआई के माध्यम से किया जा सकता है जबकि एससीएसबी, स्टॉक एक्सचेंज प्लेटफ़ॉर्म और डिपॉजिटरी प्रतिभागी जैसे माध्यम भी उपलब्ध हैं। मुथूट फिनकॉर्प वन मोबाइल ऐप के माध्यम से निवेश को सरल और सहज बनाया गया है, जो कंपनी के 3,700 से अधिक शाखाओं के मजबूत ऑफलाइन नेटवर्क का डिजिटल पूरक है।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शाजी वर्गीस ने कहा, “हमें अपनी नई एनसीडी सीरीज के लॉन्च की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है, जो निवेशकों को सुरक्षित और उच्च प्रतिफल वाला अवसर प्रदान करती है। यह पहल हमारे ग्राहकों को सुलभ और नवाचारपूर्ण वित्तीय समाधान देने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”
