
ग्वालियर। सोमवार की शाम उस समय हंगामा मच गया जब ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में एक समाज के कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाषण के दौरान नारेबाजी कर उन्हें काले झंडे दिखाये गये और कुर्सियां भी फेंकी गई। इस घटना से केन्द्रीय मंत्री सिंधिया तो विचलित नहीं हुये लेकिन उनके समर्थकों और काले झंडे दिखाने वालों के बीच मार पिटाई हो गई। वहीं पुलिस ने भी झंडे दिखाने वाले कुछ लोगों को दबोच लिया है। जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम में सिंधिया जब भाषण दे रहे थे, तभी कुछ लोगों ने वहां नारे लगाकर झंडे दिखाने शुरू कर दिये। इससे वहां स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस और सिंधिया समर्थकों ने काले झंडे दिखाने वालों को खदेड़, तब कहीं वह बाहर निकले। मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह हालात संभाले।
