
नीमच। नीमच के सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम सेमली चंद्रावत में एक युवक का शव फंदे पर मिला। मृतक विवेक पिता शंभूलाल रावत (20) अपने घर के पास एक बाड़े में बने कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना सोमवार देर रात की है।
पीएम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
मंगलवार सुबह सिटी पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता शंभूलाल रावत ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताया है।
उन्होंने पुलिस से गहन जांच की गुहार लगाते हुए कहा कि विवेक किसी दबाव में था और उसकी कॉल डिटेल से ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पिता बोले-कॉल डिटेल्स से होगा मामले का खुलासा
मृत युवक के पिता का कहना है कि युवक के कॉल डिटेल से मामले का खुलासा होने की संभावना है। दरअसल, नेवड़ की एक युवती युवक पर शादी के लिए लगातार दबाव बना रही थी। यह भी चर्चा है कि जिस समय विवेक ने फांसी लगाई, उस वक्त वह फोन पर बात कर रहा था।
पुलिस अब मोबाइल रिकॉर्ड और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता चल सके।
