नयी दिल्ली, 13 जनवरी (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अभिनेता से राजनेता बने तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के संस्थापक अध्यक्ष विजय को करूर भगदड़ मामले के सिलसिले में पूछताछ के दूसरे दौर के लिए फिर से बुलाया है।
अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि यह पूछताछ 19 जनवरी को होगी। श्री विजय से पहले 12 जनवरी को दिल्ली में सीबीआई मुख्यालय में लगभग सात घंटे तक पूछताछ की गयी थी। जांच 27 सितंबर, 2025 को करूर में एक सार्वजनिक रैली में हुई जानलेवा भगदड़ पर केंद्रित है, जिसमें 41 लोग मारे गये थे और 100 घायल हुए थे। जांचकर्ता इस मामले में भीड़ प्रबंधन में देरी और कथित कमियों की जांच कर रहे हैं।
कार्यक्रम के निर्धारित समय और विजय के आने के बीच कथित सात घंटे का अंतर जांच का एक मुख्य बिंदु रहा है। सीबीआई जांच कर रही है कि क्या इस देरी के कारण भीड़भाड़ और उसके बाद अराजकता हुई। पहले सत्र के दौरान, एजेंसी ने रैली की योजना बनाने में उनकी भूमिका, अपेक्षित भीड़ के आकार और सुरक्षा स्थितियों के बारे में उनकी जानकारी और उनके देर से आने के कारण पर उनसे सवाल किये।
उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद पिछले साल अक्टूबर में सीबीआई ने तमिलनाडु पुलिस से जांच अपने हाथ में ले ली थी। एजेंसी ने पहले पूछताछ सत्र के निष्कर्षों या नये समन के विवरण के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। तमिलनाडु स्थित पार्टी टीवीके का नेतृत्व करने वाले विजय पहले दौर की पूछताछ के बाद मीडिया से बात किए बिना चले गए थे।
