
नारायणगंज। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नारायणगंज द्वारा जारी आदेशों के बावजूद क्षेत्र में आवारा पशुओं का आतंक लगातार बना हुआ है। आदेश क्रमांक 13756/जप/2025 दिनांक 26/08/2025 में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि सभी आवारा मवेशियों को नियंत्रित कर गौशाला सिवनीमाल में पहुंचाया जाए, लेकिन यह आदेश केवल कागज़ों तक ही सीमित रह गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेआम घूम रहे आवारा पशु किसानों की फसलों को रौंदकर भारी नुकसान पहुँचा रहे हैं। यही नहीं, मुख्य मार्गों पर इन मवेशियों के कारण आए दिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं, जिससे आमजन की जान खतरे में पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम उठाए होते तो न फसलें बर्बाद होतीं और न ही सड़क हादसे होते।
निवासियों का आरोप है कि जिम्मेदार अमला केवल औपचारिकताएँ निभा रहा है, जबकि ज़मीनी स्तर पर कोई कार्यवाही नहीं दिख रही। किसान और राहगीर दोनों ही इस लापरवाही का खामियाज़ा भुगत रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आदेशों की अवहेलना करने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और सभी आवारा पशुओं को तत्काल गौशालाओं में पहुँचाकर इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।
