
इटारसी। ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर न्यू यार्ड मस्जिद के सदस्यों ने मुस्कान संस्था के बच्चों संग पर्व मनाकर सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की मिसाल पेश की। इस पहल में युनूस खान, इरफान खान, फारूक खान और अजीज खान सहित कई समाजसेवियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्वादिष्ट नाश्ता, उपहार और अन्य वस्तुएं वितरित की गईं, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। वक्ताओं ने बच्चों को ईद मिलादुन्नबी के महत्व और पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं से अवगत कराया तथा मानवता, प्रेम और सेवा का संदेश दिया।
मुस्कान संस्था के संचालक मनीष ठाकुर ने कहा कि संस्था एक ऐसा मंच है, जहां सभी धर्मों के लोग मिलकर त्योहार मनाते हैं और यही उनकी असली ताकत है। कार्यक्रम में ऋतु राजपूत, विशाखा अंजीकर, रानी राजपूत, मोना जॉनसन और नीतू नायक भी उपस्थित रहीं। बच्चों ने उपहार पाकर अतिथियों का आभार व्यक्त किया और आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
