
इंदौर/करनाल। हरियाणा पहली बार अखिल भारतीय महापौर परिषद की प्रतिष्ठित 53वीं वार्षिक आम सभा की मेजबानी कर रहा है. दो दिवसीय इस सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय विद्युत, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने करनाल के एक पांच सितारा होटल में किया. बैठक में देशभर के 21 राज्यों से 70 से अधिक महापौर शामिल हुए हैं.
इंदौर के महापौर एवं प्रदेश महापौर परिषद के अध्यक्ष पुष्यमित्र भार्गव भी सम्मेलन में पहुंचे. उद्घाटन सत्र के बाद केंद्रीय मंत्री खट्टर ने इंदौर के स्वच्छता मॉडल और महापौर भार्गव के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अब इंदौर नगर निगम अपनी क्षेत्र की सबसे कमजोर शहरी निकाय को गोद लेकर उसे भी नंबर 1 बनाए. गौरतलब है कि इस वार्षिक बैठक का आयोजन ढाई साल बाद हो रहा है. परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्ष माधवी पटेल महापौर, बुरहानपुर का कार्यकाल पूरा हो चुका है. इसलिए इस आम सभा में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी संपन्न होगा.
केवल 144 महापौर ही कार्यरत
परिषद के आंकड़ों के अनुसार, देश के कुल 234 नगर निगमों के महापौर परिषद के सदस्य हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 144 महापौर ही कार्यरत हैं। महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, राजस्थान और कर्नाटक जैसे कई राज्यों में महापौर का चुनाव अभी नहीं हुआ है।
