भोपाल। मप्र कांग्रेस के प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उद्यमिता विकास केंद्र (सेडमैप), लोक शिक्षण संचालनालय और भोपाल की निजी संस्था ओम पारस मैनपावर सर्विस की कथित मिलीभगत से फर्जी नियुक्तियों का संगठित रैकेट संचालित किया जा रहा है।
पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए त्रिपाठी ने बताया कि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री कार्यालय सहित स्कूल शिक्षा, श्रम, गृह, एमएसएमई विभाग, लोक शिक्षण संचालनालय तथा पुलिस महानिदेशक को विस्तृत लिखित शिकायत सौंपकर उच्च स्तरीय जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोक शिक्षण विभाग से सेवानिवृत्त प्रथम श्रेणी अधिकारियों को आउटसोर्सिंग के माध्यम से उसी विभाग में दोबारा नियुक्त किया गया और उन्हें 35,000 से 64,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जा रहा है। इन नियुक्तियों के लिए न तो कोई विज्ञापन जारी किया गया और न ही पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाई गई, जिसे उन्होंने बेरोजगार युवाओं के अधिकारों पर सीधा हमला बताया।
