इंदौर: लसूड़िया क्षेत्र के निरंजनपुर में फरियादी के बाड़े में आग लगाकर गाय और बछड़ी को झुलसाने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने महज आठ घंटे में गिरफ्तार कर लिया. आगजनी की यह वारदात पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी गई थी.थाना प्रभारी तारेश सोनी ने बताया कि फरियादी दीमान सिंह चंदेल निवासी निरंजनपुर ने पुलिस को बताया कि घर के पास बने लकड़ी के छप्परनुमा बाड़े में उसकी गाय और बछड़ी बंधी थीं.
रात करीब दो बजे मोहल्ले वालों ने आग लगने की सूचना दी. परिवार और पड़ोसियों की मदद से दोनों पशुओं को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वे झुलसकर घायल हो चुके थे और छप्पर पूरी तरह जल गया था. मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में लसूड़िया पुलिस ने टीम गठित कर जांच शुरू की. मौके पर पशु एम्बुलेंस बुलाकर घायल गाय-बछड़ी का उपचार कराया गया.
एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं चोरी, मारपीट के केस
पुलिस के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो युवक आग लगाते हुए दिखे. फुटेज के आधार पर पहचान कर 30 वर्षीय आकाश उर्फ आकाश घोड़ी और 34 वर्षीय सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू वानखेड़े निवासी सोमनाथ की जूनी चाल एमआईजी को गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में दोनों आरोपी भागे, इस दौरान गिरने से उन्हें चोटें आईं, जिनका मेडिकल परीक्षण कराया गया. पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात करना स्वीकार किया. पुलिस रिकॉर्ड में आरोपी सिद्धार्थ पर पहले से चोरी, मारपीट और जुआ अधिनियम सहित कई मामले दर्ज हैं. लसूड़िया पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
