नयी दिल्ली, 2 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत किसानों से कपास की निर्बाध खरीद आसान बनाने के लिए, वस्त्र मंत्रालय के भारतीय कपास निगम (सीसीआई) द्वारा विकसित नए मोबाइल एप्लिकेशन, कपास किसान ऐप का मंगलवार को शुभारंभ किया।
मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार यह नया मोबाइल ऐप किसानों को स्व-पंजीकरण, स्लॉट बुकिंग और भुगतान स्थिति जानने में सहायक है। यह ऐप किसानों को भुगतान के बारे में जानकारी प्रदान करेगा – जिससे कपास खरीद प्रक्रिया में अधिक तेजी, पारदर्शिता और सुगमता आएगी।
श्री सिंह ने कहा कि इस डिजिटल एप से पंजीकरण से लेकर भुगतान स्थिति तक सभी न्यूनतम समर्थन मूल्य संचालन समय पर, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से सुनिश्चित होगा जो किसानों को किसी संकटकालीन बिक्री से बचाने और डिजिटल इंडिया अभियान को गति प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।
इस ऐप के जरिये किसान एमएसपी के तहत कपास बेचने के लिए खुद को पंजीकृत कर सकते हैं। साथ ही निर्दिष्ट खरीद केंद्रों के डिजिटल समय सारिणी से प्रतीक्षा समय और भीड़ कम करने, गुणवत्ता मूल्यांकन का वास्तविक समय अपडेट, स्वीकृत मात्रा, भुगतान प्रक्रिया और कई भारतीय भाषाओं में इसकी जानकारी ले सकते हैं।
