
सिंगरौली। जनपद पंचायत देवसर की ग्राम पंचायत कठदहा में लाखों रुपये की लागत से निर्मित चेकडेम पहली ही मामूली बारिश में ध्वस्त हो गया। निर्माण पूरा होने के एक सप्ताह से लेकर लगभग 15 दिन के भीतर ही संरचना टूट जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीण इसे सरकारी धन की बर्बादी और बड़े भ्रष्टाचार का मामला बता रहे हैं। चेकडेम की अनुमानित लागत करीब 15 लाख से ऊपर बताया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, जल संरक्षण के उद्देश्य से बनाए गए इस चेकडेम से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को लाभ मिलने की उम्मीद थी लेकिन पहली ही बारिश के पानी का दबाव भी यह निर्माण नहीं झेल सका। चेकडेम का बड़ा हिस्सा टूटकर बह गया, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संदेह और गहरा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के दौरान तकनीकी मानकों की अनदेखी की गई। उनका कहना है कि निर्माण में घटिया सामग्री, कम मात्रा में सीमेंट तथा निम्न गुणवत्ता की रेत का उपयोग किया गया। यही कारण है कि बिना किसी बाढ़ या अत्यधिक वर्षा के ही चेकडेम धराशायी हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि निर्माण मानकों के अनुरूप किया गया होता तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। सबसे बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि इस निर्माण कार्य का भुगतान कितना हुआ है और किस स्तर तक भुगतान जारी किया गया, इसकी स्पष्ट जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। यदि भुगतान हो चुका है तो किन अधिकारियों ने गुणवत्ता परीक्षण के बाद इसकी स्वीकृति दी, यह भी जांच का विषय बन गया है।
०००००००००००००००
एजेंसी के खिलाफ कार्यवाही की उठने लगी मांग
ग्रामीणों का कहना है कि चेकडेम टूटने के तुरंत बाद संबंधित विभाग और जनपद पंचायत के अधिकारियों को शिकायत दी गई लेकिन अब तक न तो तकनीकी जांच शुरू हुई और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी, सरपंच, सचिव अथवा उपयंत्री के विरुद्ध कोई कार्रवाई की गई। इससे मामले को दबाने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच, गुणवत्ता परीक्षण और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।
००००००००००००००००००
जांच टीम गठित-सीईओ
इस संबंध में जनपद पंचायत देवसर के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी सूरज मिश्रा ने बताया कि चेकडैम की ध्वस्त होने की शिकायत मिली है। जांच टीम गठित कर दी गई है। एसडीओ एवं उपयंत्री कल दिन गुरूवार को स्थल का निरीक्षण करने जाएंगे। पहले भी शिकायत मिली थी,काम बंद करने के लिए कहा गया था। क्रियान्वयन एजेंसी ग्राम पंचायत ने फिर भी काम किया है,इसका अभी तक भुगतान होने की जानकारी नही है। मूल्यांकन नही हुआ है,निर्धारित प्राक्कलन के अनुसार कार्य नही कराया गया है। उपयंत्री के द्वारा पहले भी नोटिस दिया जा चुका है। यदि जांच में गड़बड़ मिली तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्यवाही कर राशि की रिकवरी करायी जाएगी।
