
उमरिया। जिले के गठन को 25 वर्ष पूरे हो गए हैं, लेकिन मानपुर नगर परिषद क्षेत्र को आज तक स्थाई बस स्टैंड की सुविधा नहीं मिल पाई है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि बस स्टैंड का निर्माण वर्षों से केवल चुनावी घोषणा बनकर रह गया है।
मानपुर नगर परिषद के पार्षदों ने 24 अगस्त 2024 को आवेदन पत्र देकर बस स्टैंड के स्थान परिवर्तन की मांग की थी और परिषद की बैठक सात दिनों के भीतर बुलाने का आग्रह किया था। लेकिन अब तक इस पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। पार्षद श्रीमती खुशबू गुप्ता ने बताया कि आवेदन दिए जाने के बावजूद मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि 3 सितंबर 2025 को होने वाली परिषद बैठक में इस मुद्दे को एजेंडे में शामिल करने की मांग की गई है।
शनिवार को हुई सामान्य बैठक में पार्षदों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में मुख्य रूप से कुलदीप गुप्ता, पार्षद श्रीमती खुशबू गुप्ता, अतुल तिवारी, संतलाल चौधरी, शिवराम शुक्ला, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि ज्ञान प्रकाश पटेल, प्रदीप प्रजापति, अनेक लाल बैगा, ग्राम पंचायत पटेहरा के सरपंच अजय सिंह, माला सरपंच जमुना बैगा और पतौर सरपंच रामपाल सिंह मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी जनप्रतिनिधियों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिक और पत्रकार भी उपस्थित रहे। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना प्रभारी मुकेश मर्सकोले पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
अंत में कुलदीप गुप्ता ने सभी उपस्थित लोगों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
