
सिंगरौली। कोतवाली क्षेत्र बैढ़न में बदमाशों ने दिनदहाड़े सीसीटीवी कैमरा मैकेनिक से 25 हजार रुपये लूट लिए। घटना आईटीआई कॉलेज गेट के सामने हुई, जहां पल्सर बाइक पर सवार दो नशेड़ी युवकों ने मैकेनिक को रोककर पहले मारपीट की और फिर पर्स छीनकर फरार हो गए।
पीड़ित रामबिलास शाह निवासी अमिलिया थाना माड़ा ने बताया कि 30 अगस्त को आईटीआई पचौर में कैमरे की जांच के बाद लौटते समय बदमाशों ने उनसे नशे के लिए रुपये मांगे। इंकार करने पर दोनों युवकों ने जबरन मारपीट कर उनकी जेब से पर्स छीन लिया, जिसमें 25 हजार रुपये नकद थे। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और स्कूटी छीनने का भी प्रयास किया।
रामबिलास ने कोतवाली में लिखित रिपोर्ट दी है, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने इस गंभीर लूटपाट को गंभीरता से नहीं लिया। उनका कहना है कि वे रोजाना मरम्मत कार्य के लिए अलग-अलग जगह जाते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है। उन्होंने एसपी और कोतवाली पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बैढ़न क्षेत्र में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और पुलिस की लचर व्यवस्था का फायदा असामाजिक तत्व उठा रहे हैं। वहीं, पुलिस पर आरोप है कि वह मामले को दबाने और लीपापोती करने का प्रयास कर रही है ताकि अपनी नाकामी छिपाई जा सके।
