भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस की रणनीतिक साझेदारी

नयी दिल्ली 20 जनवरी (वार्ता) दूरसंचार सेवा प्रदाता भारती एयरटेल और देश की निजी क्षेत्र की गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) बजाज फाइनेंस ने आज वित्तीय सेवाओं के लिए भारत के सबसे बड़े डिजिटल प्लेटफार्मों में से एक बनने और वित्तीय सेवाओं को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक रणनीतिक साझेदारी की।

इस साझेदारी में एयरटेल के 37 करोड़ का सक्रिय ग्राहक, 12 लाख से अधिक का डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क तथा बजाज फाइनेंस की 27 उत्पाद लाइनों का विविध समूह और 5,000 से अधिक शाखाएं एवं 70000 क्षेत्रीय एजेंट शामिल है ।एयरटेल, बजाज फाइनेंस के खुदरा वित्तीय उत्पाद शुरुआत में अपने एयरटेल थैंक्स ऐप पर और बाद में अपने स्टोर के राष्ट्रव्यापी नेटवर्क के माध्यम से भी उपलब्ध कराएगा, ताकि ग्राहकों को इस सुविधा का सहज और सुरक्षित अनुभव मिल सके। दोनो कंपनियों की डिजिटल परिसम्पतियों की संयुक्त ताकत एयरटेल और बजाज फाइनेंस को वित्तीय उत्पादों और सेवाओं की पहुंच को और बेहतर बनाने में सक्षम बनाएगी।

एयरटेल के उपाध्यक्ष और एमडी गोपाल विट्टल ने कहा, “ एयरटेल और बजाज फाइनेंस, इस देश के दो भरोसेमंद नाम हैं, जो लाखों भारतीयों को वित्तीय जरूरतों के विविध पोर्टफोलियो के साथ सशक्त बनाने का साझा दृष्टिकोण रखते हैं। दोनों कंपनियों की संयुक्त पहुंच, पैमाना और वितरण शक्ति इस साझेदारी की आधारशिला के रूप में काम करेगी और हमें बाजार में सफल होने में मदद करेगी। हम एयरटेल फाइनेंस को कंपनी के लिए एक रणनीतिक परिसंपत्ति के रूप में विकसित कर रहे हैं और इसमें निवेश तथा इसका विकास करना जारी रखेंगे। आज हम पर एक मिलियन से अधिक ग्राहक अपना भरोसा जता रहे हैं। हमारा लक्ष्य एयरटेल फाइनेंस को अपने ग्राहकों की सभी वित्तीय जरूरतों के लिए वन-स्टॉप शॉप बनाना है।”

बजाज फाइनेंस के प्रबंध निदेशक राजीव जैन ने कहा,“ भारत का डिजिटल इकोसिस्टम, डेटा-संचालित क्रेडिट अंडरराइटिंग और वित्तीय समावेशन के केंद्र में रहा है। एयरटेल के साथ हमारी साझेदारी न केवल समावेशी विकास के लिए भारत के डिजिटल बुनियादी ढांचे का लाभ उठाती है, बल्कि भारत के दो अग्रणी और सबसे भरोसेमंद ब्रांडों की विशेषज्ञता और पहुंच को भी एक मंच पर लेकर आती है। एयरटेल के साथ मिलकर, हम भारतीयों के लिए पसंदीदा फाइनेंसर बनना चाहते हैं और दूरदराज के इलाकों में भी लाखों लोगों तक ये सेवाएं प्रदान करना चाहते हैं। हम एक ऐसे समय में एयरटेल के साथ साझेदारी करकर उत्साहित हैं जब बजाज फाइनेंस दक्षता बढ़ाने और ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने के लिए एआई की शक्ति का उपयोग कर रहा है।”

 

 

Next Post

आईडीबीआई बैंक का शुद्ध लाभ 31 प्रतिशत बढ़ा

Mon Jan 20 , 2025
मुंबई 20 जनवरी (वार्ता) आईडीबीआई बैंक ने चालू वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में 1908 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 1458 करोड़ रुपये की तुलना में 31 प्रतिशत अधिक है। तीसरी तिमाही के वित्तीय परिणाम को मंजूरी देने […]

You May Like