सतना : शहर के जयस्तंभ चौक पर स्कूटी की डिग्गी में रखे 3 लाख रुपए चुराने वाले 3 आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार करने का दावा किया है. इस घटना में शामिल रहे चौथे आरोपी की तलाश की जा रही है. आरोपियों को पुलिस ने उस समय दबोचा जब वे नशीली दवा की खेप लेकर जा रहे थे.कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी के अनुसार बुधवार को जयस्तंभ चौक क्षेत्र से स्कूटी की डिग्गी से 3 लाख रु चोरी हो जाने की शिकायत फरियादी द्वारा की गई थी.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की 4 टीमें गठित करते हुए अलग-अलग स्थानों की ओर रवाना कर दिया गया. इसी दौरान पुलिस को इस बात की भी सूचना मिली कि बाइक सवार दो व्यक्ति नशीली दवा की बड़ी खेप लेकर अमरपाटन से सतना की ओर आ रहे हैं. जिसे देखते हुए पहले से रवाना की जा चुकी चारों पुलिस टीमों को अलग अलग स्थानों पर एंबुश लगाकर धरकपड़ के निर्देश दे दिए गए.
क्योंकि आरोपी किसी भी मार्ग से सतना में प्रवेश कर सकते थे. इसी दौरान पुलिस को इस बात की सटीक जानकारी मिली कि आरोपी सोहावल बाइपास से होते हुए आ रहे हैंं. लिहाज पुलिस टीम ने धवारी मुक्तिधाम के पास घेराबंदी कर दी. पुलिस को देखते ही बाइक सवार बदमाशों ने भागने की कोशिश की. लेकिन पहले से तैयार पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया. तलाशी लिए जाने पर झोले में नशीली कफ सीरप और दो स्मार्टफोन बरामद किए गए.
पूछताछ में दोनों की पहचान बबलू कुमार नट 31 वर्ष निवासी खमरौत शहडोल और रामशरण सिंह 30 वर्ष निवासी लुहासे अनूपपुर के तौर पर हुई. पकड़े गए आरोपियों से जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपने दो और साथियों दुबराज नट निवासी देवेंद्र नगर और संजय कंजर निवासी अनूपपुर के साथ मिलकर स्कूटी की डिग्गी से रुपए चुराने की घटना को स्वीकार कर लिया.
पन्ना में मिला तीसरा आरोपी
पकड़े गए आरोपी बबलू और रामशरण से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने पन्ना में दबिश देते हुए तीसरे आरोपी दुबराज नट को दबोच लिया. जबकि मामले की भनक लगते ही चौथा आरोपी संजय कंजर फरार हो गया. जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है. थाना प्रभारी के अनुसार स्कूटी की डिग्गी से चुराई गई नकदी और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली गई है.
