
रीवा।कलेक्ट्रेट सभागार मऊगंज में साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने टीएल पत्रों तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की. कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों पर स्वयं ध्यान देकर इनका संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराएं. सीएम हेल्पलाइन में 50 दिन से अधिक समय से लंबित सभी शिकायतों का तत्परता से निराकरण करें. राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, ऊर्जा विभाग, खाद्य विभाग, गृह विभाग, पीएचई, स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग में लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण करके विभागीय रैंकिंग में सुधार करें.
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सभी जिलाधिकारी अब ई ऑफिस के माध्यम से ही फाइलें कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करें. अधीनस्थ कार्यालयों में भी ई ऑफिस व्यवस्था सात दिवस में लागू कर दें. जो विभाग ई ऑफिस में आनबोर्ड हो गए हैं वे फाइलों का परिचालन इसी माध्यम से करें. शेष कार्यालय जिला सूचना विज्ञान अधिकारी से संपर्क करके ई ऑफिस में ऑनबोर्ड कराएं. कलेक्टर ने कहा कि खाद्य सुरक्षा योजना के अपात्र हितग्राहियों के नाम राशन मित्र पोर्टल से पृथक करें साथ ही शेष हितग्राहियों का 15 जुलाई तक ई केवाईसी अपडेशन अनिवार्य रूप से करा दें. समग्र पोर्टल में ई केवाईसी सत्यापन की गति बहुत धीमी है. जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी ई केवाईसी अपडेशन में तेजी लाएं. बैठक में कलेक्टर ने कृषि आदान, वर्षाजनित रोगों से बचाव और उपचार की व्यवस्था, पीएम किसान सम्मान निधि तथा जलप्रपातों में सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए.
बैठक में संयुक्त कलेक्टर राजेश मेहता, एसडीएम हनुमना रश्मि चतुर्वेदी, कार्यपालन यंत्री पीएचई संजय पाण्डेय तथा संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित रहे.
