नयी दिल्ली, 30 अगस्त (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चार इंजन की सरकार होने के बावजूद कालकाजी मंदिर के एक पुजारी की पीट-पीट कर निर्मम हत्या कर दी गयी, यह हमारी आस्था पर हमला है।
आप नेता एवं विधायक अनिल झा ने शनिवार को कहा कि दिल्ली की बदहाल कानून-व्यवस्था को लेकर आप अत्यंत चिंचित है। उन्होंने कहा,“ केंद्र और दिल्ली में भाजपा की सरकार है। एमसीडी, कैंटोमेंट बोर्ड, एनडीएमसी, डीडीए और उप राज्यपाल सब भाजपा के अधीन हैं। भाजपा खुद को धर्म का सबसे बड़ा पैरोकार मानती है। मंदिरों के लिए आंदोलन, मंदिरों को बचाने और पुजारियों के रख-रखाव का प्रयास करती रही है। इसके बावजूद आज देश की राजधानी दिल्ली में ऐसी स्थिति बन गयी है कि भाजपा सरकार की इंटेलिजेंस फेल नजर आ रही है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली में हमेशा कानून-व्यवस्था पुख्ता होने का दावा करती रही है। इसके बावजूद कालकाजी मंदिर के पुजारी की निर्मम हत्या कर दी गयी। यह घटना सिर्फ चिंता का विषय नहीं है, बल्कि भाजपा सरकार की विफलता है। दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस और स्थानीय सूचना तंत्र ने घटना का अंदेशा होने के बावजूद सुरक्षा में ढील रखा और कालकाजी मंदिर के सेवादार की हत्या कर दी गयी। यह मामला बेहद हैरान करने वाला है।
उन्होंने कहा कि कालकाजी की घटना हमारी आस्था पर हमला है और दिल्ली पुलिस की नाकामी है। यह घटना बताती है कि दिल्ली में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं। कानून का अपराधियों में कोई डर नहीं है और दिल्ली पुलिस अपराधियों में कानून का डर पैदा नहीं कर पा रही है। दूसरी तरफ, दिल्ली पुलिस निर्दोष लोगों पर फर्जी मुकदमें लगा रही है। प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी) का दुरुपयोग किया जा रहा है। इसकी भाजपा को चिंता नहीं है। पिछले कुछ वर्षों से दिल्ली की बिगड़ती कानून- व्यवस्था के कारण लूटपाट, चोरी, महिलाओं के साथ अत्याचार, बलात्कार जैसी घटनायें लगातार बढ़ रही हैं। दिल्ली की मजबूत कानून-व्यवस्था सिर्फ कागजों में सिमट कर रही गयी है।

