
गैरतगंज। नगर परिषद गैरतगंज इन दिनों विवादों में घिर गई है। एक ओर जहां “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर चौक बाजार स्थित लगभग 200 वर्ष पुराने पीपल पेड़ को बिना अनुमति कटवा दिया गया। बताया गया कि कुछ लोगों के मकान की शोभा बिगड़ने के कारण पेड़ हटाया गया। इस पर नगरवासियों और हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया।
श्री हिंदू उत्सव समिति ने एसडीएम पल्लवी वैध को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। समिति ने आरोप लगाया कि नगर परिषद ने भगवान श्रीराम के कटआउट को मैला ढोने वाले टैंकर के पास फेंककर आस्था को आहत किया। यह तस्वीर वायरल होने के बाद विहिप जिला संयोजक बद्री पाराशर समेत कई संगठनों ने विरोध दर्ज कराया।
लोगों का कहना है कि यदि जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले चुनाव में इसका खामियाजा परिषद और पार्टी को भुगतना पड़ेगा।
सीएमओ सुधीर उपाध्याय ने बताया कि मामला पुराना है, केवल टहनियों की छंटनी की गई थी और लकड़ियां जब्त हैं। समिति की मांग अनुसार चबूतरा बनाने और 10 नए पीपल के पौधे रोपने का प्रस्ताव परिषद बैठक में रखा जाएगा। वहीं, नप उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर ने कहा कि श्रीराम का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई जरूरी है।
