
सिंगरौली। जिले में पिछले 24 घंटे से हो रही लगातार बारिश ने ऊर्जाधानी को जलमग्न कर दिया। खेत-खलिहान से लेकर नदी-नाले तक उफान पर हैं। बैढ़न के कचनी इलाके में हालात इतने बिगड़े कि आधा दर्जन से अधिक घरों में पानी भर गया। श्रीकांत द्विवेदी के घर में घुटने तक पानी भर जाने पर प्रशासन ने उनके परिवार को प्रधानमंत्री आवास में शिफ्ट कराया।
रातभर की तेज बारिश के बाद रविवार सुबह कई घरों में पानी घुस गया। सूचना मिलते ही कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला, निगमायुक्त सविता प्रधान और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। विधायक रामनिवास शाह ने भी भोपाल से स्थिति पर नजर रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश दिए। कचनी में एक कच्चा मकान और करहिया में एक बाउंड्री भी गिर गई, हालांकि किसी जनहानि की खबर नहीं है।
इधर परसौना-रजमिलान और देवसर-कुन्दवार मार्ग पर पानी बहने से यातायात प्रभावित हुआ। चितरंगी अंचल की गोपद और सोन नदियां भी उफान पर हैं। निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय ने अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों की सतत निगरानी और तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
विशेष रूप से कचनी बस्ती में एक बच्ची ने सोशल मीडिया पर वीडियो भेजकर कलेक्टर से मदद की गुहार लगाई, जिस पर तत्काल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए परिवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
मौसम विभाग ने सोमवार तक और बारिश की चेतावनी दी है। जहां किसान इस वर्षा से खुश हैं, वहीं जलभराव से आमजन की चिंताएं बढ़ गई हैं। गनीमत है कि जिला प्रशासन पहले से अलर्ट मोड पर है।
