नयी दिल्ली, 25 अगस्त (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले के मामले में दिल्ली पुलिस ने दूसरी गिरफ्तारी की है। आरोपी की पहचान तहसीन सईद के रूप में हुई है और वह राजकोट का रहने वाला है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी राजेशभाई खिमजीभाई लगातार तहसीन के संपर्क में था और तहसीन ने राजेशभाई को आर्थिक मदद भी दी थी। अब पुलिस राजेशभाई से आमना-सामना कराने के लिए तहसीन को हिरासत में लेने के लिए रिमांड मांगेगी।
इस बीच, दिल्ली की मुख्यमंत्री की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी वापस दिल्ली पुलिस को सौंप दी गई है। केंद्र ने श्रीमती गुप्ता को दी गई केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली है।
केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की सुरक्षा बढ़ाने का आदेश केंद्र द्वारा औपचारिक रूप से जारी किया जाना था। हालाँकि, योजना में बदलाव किया गया और सुरक्षा वापस लेने के आदेश जारी किए गए।
दिल्ली पुलिस को सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री पर हमला करने वाले राजेशभाई फिलहाल पाँच दिनों की हिरासत में हैं। दिल्ली पुलिस हमले के पीछे के असली मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री गुप्ता पर 20 अगस्त को उनके सरकारी आवास पर उनकी दैनिक जनसुनवाई के दौरान राजेशभाई ने उन पर हमला किया था।

