ग्वालियर: माधव शिक्षा महाविद्यालय में रविवार को पूर्व छात्र सम्मेलन उत्साह और उमंग के साथ आयोजित हुआ। इस अवसर पर विभिन्न वर्षों के पूर्व छात्र-छात्राएं एक मंच पर एकत्रित हुए और अपने छात्र जीवन की यादों को साझा किया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन सरस्वती पूजन के साथ हुआ। डॉ. मनीषा पाठक, वासंती आठले संत एवं डॉ नीतू द्विवेदी द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई ।कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत बी. एड. की वर्तमान छात्राओं कोमल और नंदिनी द्वारा गीत के माध्यम से किया गया। साथ ही प्राचार्य डॉ विवेक भदौरिया, विभागाध्यक्ष डॉ विकास गोरे एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ राजकरण द्वारा स्वागत किया गया ।
अतिथि परिचय डॉ गीतांजलि बौहरे ने दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि माधव शिक्षा महाविद्यालय शासी निकाय अध्यक्ष प्रभात फाटक ने कहा कि ऐसे आयोजन होते रहना चाहिए ,उन्होंने कहा कि यह संस्थान विगत कई वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में अपना बहुमूल्य योगदान दे रहा है उन्होंने कहा कि बहुत जल्दी ही मध्य भारत शिक्षा समिति ऋषि गालव नाम से एक विश्वविद्यालय की स्थापना करने जा रहा है ।
बी एड की पूर्व छात्र एवं पूर्व छात्र संघ की अध्यक्ष रुचि श्रीवास्तव द्वारा भरतनाट्यम विधा द्वारा एक गणेश स्तुति प्रस्तुत की गई इसी क्रम में डी एल एड वर्तमान छात्रा कशिश खटीक के पंजाबी नृत्य ने कार्यक्रम को एक अलग रोमांचक दिशा दी कार्यक्रम का संचालन कर रही बी. एड. की पूर्व छात्रा तथा पूर्व छात्र संघ की कोषाध्यक्ष हर्षिता भदौरिया ने सभी अतिथियों एवं पूर्व छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भावनाओं और संबंधों को पुनः जीवंत करने का अवसर है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बी एड वर्तमान छात्र छात्राओं द्वारा प्रस्तुत एक लघु नाटिका थी जिसने कॉलेज,पढ़ाई,परीक्षा और रिजल्ट तक के समस्त अवसरों का बड़े रोमांचक तरीके से किया। इसका मंचन नंदिनी, कोमल, शुभम, नीरज, एवं समूह ने किया ।सम्मेलन में उपस्थित पूर्व छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि संस्थान से प्राप्त शिक्षा और संस्कारों ने उनके जीवन को दिशा प्रदान की। कई प्रतिभागियों ने अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और अनुशासन को अपनी सफलता का आधार बताया।
कार्यक्रम में एक लघु नाटिका “वो दिन भी क्या दिन थे” का भी मंचन डी एल एड की वर्तमान छात्राओं प्राणाधिक ,प्रियंका,रिजा,अंजू तथा स्नेहा द्वारा किया गया। जिसने सभी को भावुक कर दिया और हंसी-खुशी के साथ पुरानी यादों को ताजा कर दिया।वर्तमान छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूर्व छात्रों से प्रेरणा प्राप्त की। बी एड की पूर्व छात्रा जया ने बहुत सुंदर नृत्य की प्रस्तुति दी ,शिक्षकों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन एवं निरंतर सीखने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में माधव शिक्षा महाविद्यालय शासी निकाय के सदस्यों डॉ रविकांत अदालतवाले तथा डॉ योजना शुक्ला के साथ समस्त महाविद्यालय परिवार उपस्थित रहा ।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने संस्थान से जुड़े रहेंगे और समय-समय पर ऐसे आयोजनों के माध्यम से आपसी संबंधों को मजबूत बनाए रखेंगे। कार्यक्रम के समापन पर डॉ श्याम मोहन शर्मा संचालक पूर्व छात्र संघ द्वारा आभार व्यक्त किया गया। अंत में सभी ने वंदे मातरम गायन किया
