इंदौर: शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने शनिवार को होटल श्रीमाया एबी रोड पर मॉक ड्रिल आयोजित की. इस दौरान होटल की सुरक्षा प्रणाली और स्टाफ की तत्परता का बारीकी से परीक्षण किया.वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई इस ड्रिल में पुलिस उपायुक्त आसूचना एवं सुरक्षा हंसराज सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुरक्षा प्रमोद सोनकर के मार्गदर्शन में सुरक्षा शाखा और बीडीडीएस टीम ने भाग लिया.
अभ्यास के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त सुरक्षा राजकुमार सराफ और बीडीडीएस प्रभारी खालिद मुश्ताक के नेतृत्व में होटल के सुरक्षा कर्मियों को भी शामिल किया. ड्रिल में यह अभ्यास कराया गया कि यदि होटल परिसर में कोई संदिग्ध अथवा विस्फोटक सामग्री जैसी लावारिस वस्तु मिलती है तो तत्काल किस तरह कार्रवाई की जाए और उपस्थित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.
ड्रिल के बाद अधिकारियों ने होटल स्टाफ से चर्चा कर उन्हें आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों और आवश्यक करें व न करें की जानकारी भी दी. पुलिस का कहना है कि ऐसे अभ्यास से न सिर्फ सुरक्षा बलों की तैयारी मजबूत होती है, बल्कि संस्थानों का स्टाफ भी सजग और सक्षम बनता है.
