इंदौर: तिरुपति कॉलोनी में देर शाम नगर निगम की कचरा गाड़ी ने बेकाबू होकर कई वाहनों को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक निकाल रही मां और बेटी घायल हो गईं, वहीं एक खड़ी कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया.प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम करीब 7 बजे तेज रफ्तार से आई कचरा गाड़ी का अचानक स्टेयरिंग मुड़ गया. इससे वह बाइक को टक्कर मारते हुए खड़ी कार से जा भिड़ी.
हादसे में मां-बेटी को चोटें आईं, जिन्हें आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. घटना के बाद कॉलोनी अध्यक्ष सीमा जैसवानी ने निगम कमिश्नर शिवम वर्मा को फोन लगाकर पूरी जानकारी दी. उन्होंने आरोप लगाया कि ड्राइवर की लापरवाही से हादसा हुआ है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. सूचना मिलने पर कमिश्नर ने अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया व झोन अधिकारी को जांच के निर्देश दिए. कचरा गाड़ी का नंबर भी पहचान लिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि ड्राइवर पर लापरवाही का दोषी पाए जाने पर कार्रवाई तय है
