नयी दिल्ली, (वार्ता) पूर्व भारतीय क्रिकेटर दीप दासगुप्ता ने महत्वपूर्ण चौथे टेस्ट के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में जसप्रीत बुमराह को शामिल करने के महत्व पर जोर दिया है।
बुमराह सीरीज के दूसरे टेस्ट में नहीं खेले थे लेकिन तीसरे टेस्ट में उन्होंने वापसी की। सीरीज से पहले कहा गया था कि बुमराह के कार्यभार को प्रबंधित करने के लिए वह सीरीज में तीन टेस्ट में खेलेंगे। भारत सीरीज में 1-2 से पीछे है। चौथा टेस्ट 23 जुलाई से मैनचेस्टर में शुरू होना है।
जियो हॉटस्टार विशेषज्ञ दीपदास ने कहा, “चौथे टेस्ट में जसप्रीत बुमराह, बिल्कुल। मैंने अफवाहें सुनी हैं कि उन्हें पहले, तीसरे और पांचवें टेस्ट में खेलाने की योजना थी। लेकिन चूंकि भारत 2-1 से पीछे है, इसलिए वापसी के लिए चौथा टेस्ट बेहद अहम हो जाता है। आप जरूर चाहेंगे कि दुनिया का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज खेले। और दोनों टेस्ट मैचों के बीच 8 दिनों का अंतर है। पांचवां टेस्ट तभी प्रासंगिक होगा जब चौथे टेस्ट में क्या होता है – और यह बाद में चिंता का विषय होगा। लेकिन चौथे टेस्ट की प्रासंगिकता बहुत ज्यादा है।”
