यूक्रेन ने दावा किया कि उसके ड्रोन हमले में रूस के नोवोरोस्सिय्स्क में चार S-400 लॉन्चर और दो रडार सिस्टम नष्ट हुए, जिससे रूस की रक्षा क्षमता को बड़ा झटका लगा।
यूक्रेनी सेना ने दावा किया है कि उसने एक बार फिर रूस के उन्नत S-400 एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया है। यूक्रेनी सिक्योरिटी सर्विस (एसबीयू) के अनुसार, 14 नवंबर की सुबह नोवोरोस्सिय्स्क पर ड्रोन हमले के दौरान चार S-400 ट्रायम्फ लॉन्चर और दो रडार सिस्टम नष्ट किए गए। सैन्य विश्लेषकों के मुताबिक, यह रूस के लिए एक गंभीर झटका है, क्योंकि S-400 को दुनिया के सबसे शक्तिशाली वायु रक्षा तंत्रों में गिना जाता है।
कीव पोस्ट की रिपोर्ट में एसबीयू के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सैटेलाइट तस्वीरों ने इस हमले की पुष्टि की है। तस्वीरों से पता चला कि एसबीयू ने चार S-400 लॉन्चर सफलतापूर्वक नष्ट किए। यह सिस्टम क्यूबन रेड बैनर रेजिमेंट की एक सैन्य यूनिट के परिसर में तैनात था। सूत्रों के अनुसार, इस हमले में 96N6 अर्ली वॉर्निंग रडार और 92N6 टारगेट एक्विजिशन रडार सहित दो अहम रडार भी तबाह हो गए।
