मुंबई, 20 अप्रैल (वार्ता) अभिनेत्री रोज़ सरदाना ने अपनी आने वाली फिल्म इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ज़ॉम्बीज़ का गाना ‘मार डाला’, के जरिये धक धक गर्ल माधुरी दीक्षित को ट्रिब्यूट दिया है। रोज़ सरदाना, फिल्म भूल भुलैया 3 में माधुरी दीक्षित के साथ स्क्रीन साझा करती नजर आई थीं। वह अब अपने लंबे समय से प्रेरणा रही आइकन माधुरी दीक्षित के साथ एक और खास जुड़ाव दर्शकों को देने जा रही हैं। उनकी आने वाली फिल्म इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ज़ॉम्बीज़ का गाना ‘मार डाला’, माधुरी के उस प्रतिष्ठित गाने का एक मॉडर्न, वेस्टर्न-डांस रीइंटरप्रिटेशन है, जिसे उन्होंने अमर बना दिया था। जहां देवदास का मूल गाना ‘मार डाला’,अपनी पारंपरिक मुजरा शैली और माधुरी के शानदार प्रदर्शन के लिए जाना जाता है, वहीं रोज़ का वर्ज़न एक नया, समकालीन अंदाज़ लेकर आता है। फ्लुइड मूवमेंट्स, शार्प कोरियोग्राफी और वेस्टर्न एनर्जी से भरपूर यह गाना, मूल की कालातीत खूबसूरती को सम्मान देते हुए, नई पीढ़ी के लिए एक अलग विज़ुअल अनुभव पेश करता है।
रोज़ के लिए यह गाना सिर्फ एक परफॉर्मेंस नहीं, बल्कि एक बेहद व्यक्तिगत श्रद्धांजलि है। भूल भुलैया 3 में माधुरी दीक्षित के साथ काम करने के बाद, यह अनुभव और भी खास बन गया। रोज़ सरदाना ने कहा,“माधुरी दीक्षित हमेशा से मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा रही हैं। हाल ही में मुझे उनके साथ भूल भुलैया 3 में काम करने का सम्मान मिला, और उनके साथ एक ही सेट पर होना भी अविश्वसनीय लगा। ‘मार डाला’ वह गाना है जिसे मैंने बचपन से ही मंत्रमुग्ध होकर देखा है। आज उसी पर अपने तरीके से परफॉर्म करना एक अलग ही एहसास था। हमारा वर्ज़न काफी अलग है,ज्यादा वेस्टर्न, ज्यादा एक्सपेरिमेंटल ,लेकिन हर मूव में उस जादू के लिए सम्मान और प्रशंसा थी जो उन्होंने ओरिजिनल में रचा। यह मेरी तरफ से उन्हें एक विनम्र श्रद्धांजलि है।”

