हैदराबाद | यदि आपका भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में खाता है और कोई जरूरी ऑफलाइन काम बाकी है, तो उसे आज ही पूरा कर लें। 23 मई से 28 मई तक बैंकों में लगातार 6 दिनों की बंदी रहने की संभावना है। इसका मुख्य कारण चौथे शनिवार और रविवार का वीकेंड, कर्मचारी संघों द्वारा प्रस्तावित दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल और बकरीद (ईद-उल-अज़हा) का त्योहार है, जिसके चलते शाखाओं में कामकाज ठप रह सकता है।
बैंकों की इस लंबी बंदी के पीछे कई महत्वपूर्ण कारण हैं। 23 और 24 मई को साप्ताहिक अवकाश रहेगा, वहीं ‘ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन’ (AISBISF) ने 25 और 26 मई को अपनी मांगों के समर्थन में देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल का मुख्य उद्देश्य नौकरियों की आउटसोर्सिंग का विरोध करना और नई भर्ती की मांग करना है। इसके बाद, 27 और 28 मई को त्योहार के चलते कुछ राज्यों में बैंकों में अवकाश रहेगा।
शाखाओं के बंद रहने से कैश लेनदेन, पासबुक अपडेट और चेक क्लीयरेंस जैसे इन-पर्सन कार्य बाधित हो सकते हैं। हालांकि, बैंक प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि ग्राहकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि इंटरनेट बैंकिंग, योनो (YONO) ऐप, यूपीआई (UPI) और एटीएम (ATM) सेवाएं 24×7 सामान्य रूप से चालू रहेंगी। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे असुविधा से बचने के लिए अधिक से अधिक डिजिटल बैंकिंग साधनों का उपयोग करें।

