
सीधी। जिले के बहरी-अमिलिया मार्ग पर निर्माणाधीन सोन नदी के जोगदहा पुल से 35 वर्षीय महिला पुष्पा सिंह गोंड ने छलांग लगा दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन महिला ने नदी में कूदकर जान देने का प्रयास किया। पानी कम होने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर डायल-100 पुलिस ने महिला को बाहर निकालकर अमिलिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि महिला मऊगंज जिले के हनुमना निवासी है।
