सांसद कार्यालय पहुंचेंगे मोहगांव जलाशय पीड़ित किसान, 5 महीने बाद भी अधूरी रही समस्याएं

सौसर। मोहगांव जलाशय से प्रभावित किसान अपनी समस्याओं को लेकर अब एक बार फिर आंदोलन की राह पर हैं। बताया जा रहा है कि आज बुधवार को सैकड़ों की तादाद में जलाशय पीड़ित किसान छिंदवाड़ा स्थित सांसद कार्यालय पहुंचकर अपनी व्यथा सुनाएंगे।

गौरतलब हो कि आज से पांच माह पूर्व जलाशय पीड़ित किसानों ने अपनी मांगों को लेकर जल संसाधन विभाग कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। उस समय सांसद बंटी विवेक साहू ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया था। लेकिन किसानों का कहना है कि पांच महीने गुजर जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

किसानों की प्रमुख समस्याएं

पीने के पानी की समस्या: प्रभावित गांवों में अब भी लोगों को पानी टैंकरों से ही उपलब्ध कराया जा रहा है। खेती में दिक्कत: किसानों की बची हुई भूमि तक पहुंच मार्ग न होने से बारिश के दिनों में खेती करना मुश्किल हो रहा है। मुआवजा और परिसंपत्ति का मुद्दा: कई प्रभावित किसानों की परिसंपत्तियों का अवार्ड अब तक घोषित नहीं हुआ है। वहीं विस्थापित परिवारों की सूची में छूटे हुए नाम आज तक शामिल नहीं किए गए। मुद्रांक शुल्क में छूट: किसानों का कहना है कि अब तक उन्हें इसका लाभ नहीं मिला। ग्राम भूम्मा से मुगनापार मार्ग की समस्या: लंबे समय से यह मार्ग अधूरा है, जिससे आमजन व किसानों दोनों को परेशानी होती है। न्यायालयीन प्रकरण: जल संसाधन विभाग द्वारा करीब 65 किसानों पर सिविल न्यायालय में मुकदमा चलाया जा रहा है, जिसका कोई समाधान अब तक नहीं निकल पाया है।

यह है किसानों की नाराजगी का कारण

किसानों का कहना है कि सांसद के आश्वासन पर उन्हें विश्वास था कि जल्द समाधान निकलेगा, लेकिन अब 5 माह बाद भी समस्याओं का समाधान न होने से उनकी नाराजगी बढ़ी है। यही कारण है कि गुरुवार को बड़ी संख्या में किसान छिंदवाड़ा स्थित सांसद कार्यालय पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे और ठोस कार्रवाई की मांग करेंगे। पीड़ित किसान सुदामा मानमोडे, रांचू मसराम का कहना है कि यह आंदोलन न केवल किसानों की आजीविका से जुड़ा है बल्कि प्रभावित परिवारों की बुनियादी जरूरतों से भी सीधा संबंध रखता है। बहरहाल किसानों का कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का लिखित और ठोस निराकरण नहीं होगा, तब तक उनकी जंग जारी रहेगी।

Next Post

मध्य प्रदेश को मिला बेस्ट स्टेट टूरिज्म बोर्ड अवॉर्ड

Wed Sep 10 , 2025
नई दिल्ली। 9 सितम्बर को आयोजित भव्य इंडिया ट्रैवल अवॉर्ड्स 2025 में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड (एमपीटीबी) को बेस्ट स्टेट टूरिज्म बोर्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया। यह उपलब्धि पर्यटन क्षेत्र में नवाचार, उत्कृष्टता और सतत विकास को लेकर मध्य प्रदेश की […]

You May Like