
नई दिल्ली। 9 सितम्बर को आयोजित भव्य इंडिया ट्रैवल अवॉर्ड्स 2025 में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड (एमपीटीबी) को बेस्ट स्टेट टूरिज्म बोर्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया। यह उपलब्धि पर्यटन क्षेत्र में नवाचार, उत्कृष्टता और सतत विकास को लेकर मध्य प्रदेश की अग्रणी भूमिका को दर्शाती है।
पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि यह सम्मान प्रदेश की जनता और संस्कृति का गौरव है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पर्यटन को विकास, रोज़गार और आत्मनिर्भरता की धुरी बनाया जा रहा है।
अपर मुख्य सचिव एवं एमडी एमपीटीबी शिव शेखर शुक्ला ने इसे टीम की साझा मेहनत और विजन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य नए पर्यटन स्थलों के विकास के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करना, महिलाओं को अवसर देना, संस्कृति-संरक्षण और सतत पर्यटन को बढ़ावा देना है।
यह सम्मान मध्य प्रदेश को विश्वस्तरीय पर्यटन अनुभव का केंद्र बनाने की दिशा में प्रेरणा देता है।
