
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कोलकाता में आयोजित इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटी इन मध्यप्रदेश इंटरैक्टिव सेशन में निवेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की बदलती तस्वीर बनाने में कोलकाता की अहम भूमिका रही है। स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी दूरदृष्टि और बलिदान ने भारत को नई दिशा दी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत आत्मनिर्भरता और स्वदेशी की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मोदी जी की उपस्थिति अब विश्व के हर मंच पर अहमियत रखती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश निवेशकों के लिए आदर्श राज्य है। यहां शांति का वातावरण है, लेबर स्ट्राइक नहीं होती और उद्योगपतियों को हर तरह की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश देश के बीचोंबीच स्थित होने से उत्तर, दक्षिण, पूरब और पश्चिम से उत्कृष्ट कनेक्टिविटी उपलब्ध है। राज्य में शुद्ध और जैविक कॉटन उत्पादन होता है। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि यहां लगाए गए उद्योगों को सुरक्षित और समृद्ध वातावरण मिलेगा। अंत में मुख्यमंत्री ने सभी निवेशकों को मध्यप्रदेश आने का आमंत्रण दिया।
