
भोपाल: राजधानी भोपाल के अंतरराष्ट्रीय ऐशबाग स्टेडियम रोड पर बने गड्ढों ने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। करीब 1.5 लाख की आबादी पिछले दस वर्षों से जाम, जलभराव और दुर्घटनाओं की समस्या झेल रही है। हालात यह हैं कि बारिश में सड़कें पूरी तरह दलदल में बदल जाती हैं और आए दिन हादसे होते रहते हैं।
इन समस्याओं से त्रस्त होकर ऐशबाग के सैकड़ों रहवासियों ने सोमवार को अनोखा विरोध दर्ज कराया। लोगों ने सड़क पर बने गड्ढों का “जन्मदिन” मनाते हुए केक काटा, ढोल-नगाड़े बजाए और प्रतिभोज का आयोजन किया। इस विरोध में कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भोपाल की सड़कों की हालत बेहद खराब है। गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य मार्गों तक गड्ढे, जलभराव और जाम की समस्या आम हो चुकी है। जनता रोजाना परेशान होकर सरकार को कोस रही है, लेकिन करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सुधार नहीं हो रहा।
शुक्ला ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के कारण जनता का पैसा भाजपा नेताओं और अधिकारियों की जेब में जा रहा है। कार्यक्रम में अनस उर रहमान, दीपक दीवान, फ़हीम बख़्श, तारिक अली, अमित खत्री और अन्य रहवासी मौजूद रहे।
