सागर: गढाकोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत अवैध शराब की तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो से 567 लीटर देशी मदिरा जब्त की गई है। सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन में भारी मात्रा में अवैध देशी शराब परिवहन की सूचना पर फटका चौराहा पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग प्रारंभ की गई। कुछ ही देर में एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, परंतु चालक ने पुलिस को देखकर वाहन को प्रहलाद नगर की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया.
अंधेरे का लाभ उठाकर वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 60 पेटी, 567 बल्क लीटर अवैध देशी मदिरा बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 3,48,960/-रू आंकी गई है। इसके अतिरिक्त वाहन की अनुमानित कीमत 10,00,000/- रू है। इस प्रकार कुल जब्ती की अनुमानित कीमत लगभग 13,48,960/- रू है।
