
भोपाल। वायरल गर्ल मोनालिसा की उम्र को लेकर उठे विवाद का असर फिल्म द डायरी ऑफ मणिपुर पर पड़ता दिखाई दे रहा है। फिल्म के निर्देशक सनोज मिश्रा ने दावा किया है कि मोनालिसा नाबालिग है और उसकी वास्तविक उम्र की जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने मीडिया रिपोर्ट्स में कहा कि वह इस संबंध में महेश्वर पहुंचकर मोनालिसा के परिजनों से मुलाकात कर रहे हैं, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
सनोज मिश्रा का कहना है कि महाकुंभ के दौरान मोनालिसा की उम्र लगभग 16 वर्ष थी और बाद में दस्तावेजों में बदलाव कर उसकी शादी कराई गई है। उन्होंने मांग की कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए मेडिकल परीक्षण कराया जाना आवश्यक है, जिससे उसकी वास्तविक उम्र का पता चल सके।
निर्देशक ने यह भी कहा कि इस विवाद का उनकी फिल्म पर असर पड़ा है। उनके अनुसार फिल्म द डायरी ऑफ मणिपुर लगभग 80 प्रतिशत पूरी हो चुकी थी और इसमें मोनालिसा की महत्वपूर्ण भूमिका थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी फिल्म को रोकने के लिए सुनियोजित तरीके से यह घटनाक्रम सामने लाया गया है।
मिश्रा ने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जानी चाहिए।
