
रायसेन। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग के कथित अपहरण की सूचना बाद में झूठी साबित हुई। पुलिस की तत्परता से पूरे मामले का खुलासा हो गया।
पुलिस के अनुसार खजुरिया गुसाई गांव का 17 वर्षीय नाबालिग खेत पर अपनी बाइक खड़ी कर अचानक लापता हो गया था। उसका मोबाइल भी बंद था, जिससे परिजन घबरा गए और ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
इसी दौरान नाबालिग ने परिजनों को फोन कर बताया कि तीन लोग उसे कार में उठाकर ले गए और बेहोश कर दिया। उसने यह भी कहा कि होश आने पर वह सहजपुरी के पास कार से कूदकर भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस नाबालिग को थाने लेकर आई, जहां पूछताछ के दौरान उसने शुरुआत में गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में सच्चाई सामने आ गई।
पुलिस के अनुसार नाबालिग घरवालों को बताए बिना भोपाल काम करने जा रहा था। उसने खेत पर बाइक छोड़ दी और मोबाइल को एयरप्लेन मोड में कर बस में बैठ गया, लेकिन गलत बस में बैठने के कारण वह सहजपुरी पहुंच गया। घरवालों की डांट के डर से उसने अपहरण की झूठी कहानी बना दी थी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट कर दी है।
