
भोपाल। प्रयागराज के महाकुंभ मेले के दौरान वायरल वीडियो से चर्चा में आई खरगोन जिले के महेश्वर क्षेत्र की युवती मोनालिसा के विवाह को लेकर नया विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि उसने केरल में फरमान खान नामक युवक से मंदिर में शादी कर ली है, जिससे उसका परिवार चिंतित और हैरान है।
मोनालिसा के पिता जयसिंह भोंसले का कहना है दो मार्च को केरल से कुछ लोग महेश्वर आए थे। उन्होंने बेटी को फिल्मों में काम दिलाने और अभिनय का प्रशिक्षण देने का भरोसा दिलाया था। इसी भरोसे पर वे भी बेटी के साथ केरल गए थे। उनका कहना है कि वहां पहुंचने के बाद मोनालिसा उनसे दूर रहने लगी और बाद में उसी समूह के युवक फरमान खान से विवाह कर लिया।
परिजनों ने इस फैसले का विरोध किया और उसे घर लौटने के लिए कहा, लेकिन उसने आने से इनकार कर दिया। जयसिंह भोंसले ने बताया कि वे केरल के संपन्नूर पुलिस स्टेशन भी पहुंचे, जहां पुलिस ने स्पष्ट किया कि मोनालिसा बालिग है और अपनी इच्छा से विवाह करने के लिए स्वतंत्र है।
परिवार का कहना है कि मोनालिसा हाल ही में 18 वर्ष की हुई है और उसका सपना आगे चलकर स्कूल खोलने का था। वह उज्जैन में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई के साथ अभिनय का प्रशिक्षण ले रही थी।
इधर मप्र पुलिस ने परिजनों के संपर्क करने पर केरल के संबंधित पुलिस स्टेशन से बात कर युवती की स्थिति और लोकेशन के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की है। इसके बाद राज्य की पुलिस मोनालिसा के परिजन को साथ लेकर केरल जा सकती है।
