CEIR पोर्टल का कमाल: मध्यप्रदेश पुलिस ने ढूंढ निकाले 1,000 से अधिक गुमशुदा मोबाइल

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने आधुनिक साइबर तकनीक, सीईआईआर पोर्टल और तकनीकी निगरानी की मदद से पिछले दो सप्ताह के दौरान प्रदेशभर में 1,021 गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस सौंपे हैं। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत 2.26 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह विशेष अभियान विभिन्न जिलों में साइबर सेल, स्थानीय खुफिया तंत्र और ऑनलाइन शिकायत प्रणाली के सहयोग से चलाया गया। अभियान के तहत मोबाइल ट्रैकिंग और तकनीकी विश्लेषण के जरिए तेजी से कार्रवाई की गई।

ग्वालियर में “तेरा तुझको अर्पण” अभियान के अंतर्गत साइबर सेल ने करीब 1.41 करोड़ रुपये कीमत के 571 मोबाइल फोन बरामद किए। इस दौरान ऐसे नागरिकों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने मिले हुए मोबाइल फोन स्वेच्छा से साइबर सेल कार्यालय में जमा कराए।

सतना पुलिस ने “ऑपरेशन रिंगटोन 2.0” के तहत लगभग 29.31 लाख रुपये मूल्य के 155 मोबाइल फोन खोज निकाले, जबकि गुना पुलिस ने 12.5 लाख रुपये कीमत के 64 मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए।

जबलपुर साइबर सेल ने करीब 18 लाख रुपये कीमत के 106 मोबाइल बरामद किए। वहीं आगर मालवा में “ऑपरेशन रिंगटोन” के तहत 81 मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को साइबर धोखाधड़ी और सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया।

रेलवे पुलिस ने भी कटनी, जबलपुर और उज्जैन में मोबाइल चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए चोरी के मोबाइल बरामद किए और आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने इस सफलता का श्रेय सीईआईआर पोर्टल और नागरिक-अनुकूल डिजिटल शिकायत प्रणाली को दिया है।

Next Post

विकास और स्वच्छता की जुगलबंदी: शहर को नंबर-1 बनाने के लिए मुस्तैदी से काम करें अधिकारी- महापौर

Fri May 15 , 2026
भोपाल। महापौर मालती राय ने नगर निगम मुख्यालय अटल भवन में दक्षिण-पश्चिम विधानसभा में किए गए कार्योे की समीक्षा की. यह समीक्षा बैठक विधायक भगवानदास सबनानी व निगम आयुक्त संस्कृति जैन की उपस्थिति में की गई. इस दौरान विभिन्न यांत्रिक परियोजनाओं के तहत किए जा रहे विकास/निर्माण कार्यों, शिक्षा उपकर […]

You May Like