इंदौर: तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के नायता मुंडला इलाके में शुक्रवार शाम दर्दनाक वारदात हुई. दो साल की मासूम बच्ची की हत्या उसी की मां ने कर दी. पिता जब काम से लौटे तो बेटी खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ी थी. बाहर खेल रहे छह वर्षीय बेटे ने बताया कि मां ने बहन के सिर पर डंडा मारा और घर का गेट बंद कर दिया, मामले में पुलिस जांच कर रही है.
मृतक बच्ची का नाम राधिका है, उसके पिता रवि कचनारे ने पुलिस को बताया कि वे सुबह काम पर गए थे और शाम करीब छह बजे लौटे तो यह भयावह नजारा देखा. शनिवार को राधिका का पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराया, संयोग से उसी दिन उसका जन्मदिन भी था, जिसके लिए परिवार चार दिन से तैयारी कर रहा था.
घर पर केक काटने का प्लान भी बना था. घटना के समय घर में आरोपी महिला बीजल और बेटा रोहित ही मौजूद थे. पिता ने पत्नी से पूछा तो उसने पहले कहा कि मैंने कुछ नहीं किया, कोई और मारकर चला गया. रवि ने पुलिस को यह भी बताया कि बीजल पिछले साल से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही थी. मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
सिर पर गहरी चोट
मामले में एडिशनल डीसीपी क्राईम राजेश दंडोतिया ने बताया कि बच्ची के सिर पर गहरी चोट थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मां के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच में लिया गया है.
